रेलवे को चपत लगा रहे थे कानपुर के चोर, मालगाड़ी से चुराते थे डीजल

आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 550 लीटर चोरी का डीजल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
कानपुर। रेलवे को लाखों रुपये की चपत लगाने वाले डीजल चोरों के एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आरपीएफ पोस्ट पनकी धाम, क्राइम विंग कानपुर एवं ग्वालियर की संयुक्त टीम ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मालगाड़ियों से डीजल चोरी कर उसे छिपाकर बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 550 लीटर चोरी का डीजल, रस्सी, पाइप, डीजल से भरे 10 प्लास्टिक डिब्बे तथा 3 खाली डिब्बे बरामद किए हैं।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह डीएफसीसीआईएल न्यू भाऊपुर स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से नवंबर माह में डीजल चोरी की घटना में शामिल था। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट पनकी धाम में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था, तभी से आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
डीजल बेचने की तैयारी में थे चोर
आरपीएफ पोस्ट पनकी धाम के निरीक्षक रजनीश राय ने बताया कि सूचना मिली थी कि भाऊपुर से मैथा जाने वाली सड़क के किनारे कुछ लोग झाड़ियों और नाले में छुपाकर रखे गए डीजल के डिब्बों को निकालकर वाहनों में लाद रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर एक बिना नंबर की इलेक्ट्रिक ऑटो और एक ओमनी वैन खड़ी थी, जिन पर तीन व्यक्ति प्लास्टिक के डिब्बों में भरा डीजल लाद रहे थे। सिपाहियों को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से दबोच लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम राहुल कुमार, अंकित (दोनों निवासी कैरानी, थाना शिवली, कानपुर देहात) तथा आसेनंद सिंह उर्फ वसु सिंह (निवासी भैरमपुर, थाना सचेंडी) बताए। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 20-21 नवंबर की रात न्यू भाऊपुर स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से डीजल चोरी किया था।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किया गया डीजल पहले एक सुरक्षित स्थान पर रखा गया था, जबकि शेष डीजल को डीएफसी लाइन से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों के बीच नाले में छुपा दिया गया था। वे इसी डीजल को निकालकर बेचने की तैयारी कर रहे थे, तभी आरपीएफ ने उन्हें पकड़ लिया।
अन्य साथियों की तलाश जारी
आरपीएफ निरीक्षक रजनीश राय ने बताया कि इस गिरोह में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल रही टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक राजीव चौबे, सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मनीष यादव, कांस्टेबल मोहत, आदर्श, तथा क्राइम विंग के हेड कांस्टेबल नरेंद्र मौर्या सहित अन्य जवान शामिल रहे।
इस कार्रवाई से रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ की सतर्कता और सक्रियता एक बार फिर साबित हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद