राहवीर योजना को लेकर किया जागरूक, बिना हेलमेट व सीट बेल्ट पर सख्ती
कानपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से उप परिवहन आयुक्त (जोन) आर.आर. सोनी स्वयं प्रवर्तन टीम के साथ सड़क पर उतरे। बुधवार को माल रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 100 से अधिक वाहन चालकों का चालान किया गया।
सुबह करीब 11 बजे उप परिवहन आयुक्त आर.आर. सोनी, आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ एआरटीओ कहकशा खातून, एआरटीओ मानवेंद्र प्रताप सिंह तथा जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को बिना सीट बेल्ट पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं दिया गया, जिससे नियमों के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा की जा सके।
अभियान के दौरान कई युवा बिना हेलमेट के वाहन चलाते हुए पकड़े गए। प्रवर्तन टीम ने उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी और नियमों के उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई की। साथ ही सरकार द्वारा संचालित राहवीर योजना के बारे में भी वाहन चालकों को विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद करने के लिए लोग आगे आएं।
उप परिवहन आयुक्त आर.आर. सोनी ने बताया कि अधिकांश लोग अब हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे हैं, जो जागरूकता का सकारात्मक संकेत है, लेकिन अभी भी कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं मंडल आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत कानपुर नगर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान ओवरलोडिंग के 231 चालान किए गए हैं और 95 वाहनों को बंद किया गया है। इसके अलावा बिना हेलमेट 2384, बिना सीट बेल्ट 741, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने पर 284, ड्रिंक एंड ड्राइव के 46 और गलत दिशा में वाहन चलाने के 335 मामलों में कार्रवाई की गई है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनें। इससे न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि अनमोल जीवन भी सुरक्षित रहेगा।
प्रवर्तन टीम के साथ सड़क पर उतरे उप परिवहन आयुक्त, 100 से अधिक वाहन चालकों का चालान