कानपुर। प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही एवं प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र कुमार ने बुधवार को चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर का दौरा कर विश्वविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक, आवासीय एवं अनुसंधान सुविधाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत में कृषि मंत्री और प्रमुख सचिव कृषि ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित गर्ल्स छात्रावास झलकारी बाई गोदावरी तथा सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावासों के मैस में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की और भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि छात्रावासों में विद्यार्थियों को हर हाल में गुणवत्तापूर्ण भोजन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके पश्चात मंत्री एवं अधिकारियों ने तिलक ब्वॉयज छात्रावास, विद्यार्थी प्रशिक्षण प्रयोग प्रक्षेत्र तथा शाकभाजी अनुभाग, कल्याणपुर का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने निर्माण कार्यों से जुड़ी एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्चतम गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी की जाएं। किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य लक्ष्य शैक्षिक, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों का निरंतर विस्तार करना है, जिससे छात्रों, शोधकर्ताओं और किसानों को बेहतर शैक्षणिक एवं तकनीकी अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि कृषि शिक्षा और अनुसंधान को मजबूती देने से प्रदेश के कृषि विकास को नई दिशा मिलेगी।
निरीक्षण के बाद कुलपति सभागार कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान आईसीएआर अटारी जोन-3, कानपुर का भी कृषि मंत्री एवं अधिकारियों ने निरीक्षण किया और वहां संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर निदेशक प्रशासन एवं मॉनिटरिंग डॉ. नौशाद खान ने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक संवर्ग के रिक्त एवं भरे हुए पदों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा संचालित आठ महाविद्यालयों के एक्रीडिटेशन से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी प्रकाश डाला।
निदेशक प्रसार एवं निदेशक शोध डॉ. आर.के. यादव ने शोध एवं प्रसार से जुड़े वैज्ञानिकों के रिक्त एवं भरे हुए पदों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। समीक्षा बैठक में विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के. विजयेंद्र पांडियन, अर्थ नियंत्रक संजय राय, डॉ. मुनीश कुमार, डॉ. सी.एल. मौर्य, डॉ. मुकेश श्रीवास्तव सहित सभी अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर एवं कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री ने सीएसए में विकास कार्यों की गहन समीक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर