गोविंद नगर डीबीएस कच्ची बस्ती में बड़े नाले के पक्के निर्माण को लेकर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने किया स्थलीय निरीक्षण

कानपुर।
आज गोविंद विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सुरेंद्र मैथानी जी ने गोविंद नगर स्थित डीबीएस कच्ची बस्ती के बीचों-बीच से गुजरने वाले बड़े नाले का नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों—विशेषकर महिलाओं—के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री मैथानी जी ने बताया कि वर्ष 2022 से वह लगातार उत्तर प्रदेश विधानसभा में इस समस्या को उठा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने सदन में याचिकाएं प्रस्तुत कीं, नगर विकास मंत्री से भेंट की तथा माननीय मुख्यमंत्री जी से भी आग्रह किया। शासन के निर्देश पर 15वें वित्त आयोग की निधि से नगर निगम द्वारा इस बड़े नाले को पक्का कराने की स्वीकृति दी गई और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।
विधायक जी ने बताया कि प्रारंभ में इस नाले के पक्के निर्माण हेतु 90 लाख रुपये का एस्टीमेट पास कराया गया था। इसके बाद अप्रैल 2025 में पुनः निरीक्षण करने पर क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नाले की लंबाई एवं चौड़ाई बढ़ाने की आवश्यकता महसूस हुई। इसके फलस्वरूप गोविंदपुरी पुल के नीचे से लेकर बस्ती के अंतिम छोर भाटिया भवन के आगे तक नाले को पूर्ण रूप से विकसित करने हेतु नई डीपीआर बनवाई गई और 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से पुनः स्वीकृति दिलाई गई। इस कार्य का टेंडर 17 दिसंबर 2025 को जारी किया गया, जिसकी निर्माण अवधि 6 माह निर्धारित की गई है। नाले की कुल लंबाई लगभग 450 मीटर तय की गई है।
विधायक श्री मैथानी जी ने बताया कि बस्ती अत्यंत घनी होने के कारण यहां मशीनों से कार्य संभव नहीं है, इसलिए संपूर्ण निर्माण कार्य मैन्युअल रूप से कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि नाले के निर्माण में यदि कुछ घरों के आगे बढ़े हुए 3–4 मीटर हिस्से को पीछे हटाने की आवश्यकता पड़े, तो वे स्वेच्छा से सहयोग करें। इस पर बस्तीवासियों ने सर्वसम्मति से सहमति जताई।
विधायक जी ने कहा कि इस नाले के निर्माण से 20 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी और बच्चों, बुजुर्गों एवं आने वाली पीढ़ियों को इस जानलेवा नाले के खतरे से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी गरीब का घर गिरवाने के पक्षधर नहीं हैं, लेकिन जनहित में सहयोग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इस नाले में आए दिन जानवर गिरते रहते हैं और बच्चों व बुजुर्गों के गिरने की घटनाओं का खतरा बना रहता है। पूर्व में कई गंभीर घटनाएं भी हो चुकी हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि बस्ती की सभी छोटी-बड़ी नालियों को इस मुख्य नाले से जोड़ा जाएगा, जिससे जलभराव, गंदगी और गंभीर बीमारियों से स्थायी समाधान मिलेगा तथा बस्तीवासियों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। नाले को ऊपर से ढककर उसके दोनों किनारों पर टाइल्स लगाई जाएंगी, जिससे आवागमन के लिए अतिरिक्त मार्ग भी उपलब्ध होगा।
इस निरीक्षण के दौरान नगर निगम के एई श्री कमलेश पटेल, जेई श्री दिनेश प्रसाद, सुपरवाइजर बलेंद्र, विजय पटेल, विनोद कुशवाहा सहित जितेंद्र पांडे, मीना वर्मा, उषा सिंह, नेहा, प्रिय, रीना, विमला, संगीता, रेनू, राजकुमार परिहार, छोटू ठाकुर, मुन्नालाल, प्रेम शंकर वर्मा, हीरालाल, रामगोपाल, अंकुर, जितेंद्र, अनूप तिवारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद