कानपुर। कानपुर के थाना सचेंडी क्षेत्र में कार सवार युवकों द्वारा एक युवती को अगवा कर दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने सचेंडी थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि वारदात में शामिल आरोपियों के साथ एक पुलिसकर्मी भी मौजूद था।
पीड़िता के भाई के अनुसार, युवती को उसके घर के पास से कार सवार दबंगों ने अगवा किया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी देर रात युवती को घर के पास छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता के भाई ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि घटना के समय एक पुलिसकर्मी वर्दी में आरोपियों के साथ था।फिलहाल सचेंडी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि पीड़िता द्वारा कुछ आरोपियों के नाम बताए जाने की बात सामने आ रही है। परिजनों का कहना है कि थाने में तस्वीरें दिखाए जाने पर पीड़िता ने एक कथित पुलिसकर्मी की पहचान भी की है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सचेंडी थाने में पीड़िता के पिता, भाई समेत कई परिजन मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार, मौके पर डीसीपी भी पहुंच चुके हैं और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर में युवती से दुष्कर्म का आरोप, अगवा करने में पुलिसकर्मी की संलिप्त