कानपुर।
कानपुर नगर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना चमनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटनाओं में सक्रिय दो शातिर युवकों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 7 चोरी व छीने गए मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद इकराम (उम्र 18 वर्ष) एवं अतमश (उम्र 22 वर्ष) निवासी नजीराबाग, बेकनगंज के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने चमनगंज, बजरिया, बेकनगंज सहित अन्य थाना क्षेत्रों में राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी स्कूटी से सुनसान अथवा भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमते थे और मोबाइल पर बात कर रहे राहगीरों को निशाना बनाकर तेजी से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। बरामद किए गए मोबाइल फोन का मिलान संबंधित थानों में दर्ज छिनैती एवं चोरी के मुकदमों से कराया जा रहा है, जिससे कई लंबित मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी छिनैती और चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के चलते पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजने की कार्रवाई की है।
थाना चमनगंज पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
चमनगंज पुलिस ने मोबाइल छिनैती करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 7 मोबाइल और स्कूटी बरामद