ब्रेल दिवस पर दिव्यांग अतिथियों ने की कानपुर मेट्रो की यात्रा, दृष्टिबाधित यात्रियों हेतु विशेष प्रावधानों से हुए अवगत

‘शो योर टैलेंट’ कार्यक्रम में विशेष दिव्यांग बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
कानपुर।
कानपुर मेट्रो द्वारा ब्रेल दिवस के अवसर पर दृगश्रम स्वयंसेवी समिति से जुड़े दिव्यांग अतिथियों के लिए विशेष मेट्रो राइड का आयोजन किया गया। इस दौरान दृष्टिबाधित यात्रियों को मेट्रो परिसरों एवं ट्रेनों के भीतर ब्रेल लिपि के उपयोग सहित दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर ‘एकांत की तलाश’ संस्था के सहयोग से संगीत संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें अन्य कलाकारों के साथ-साथ दृष्टिबाधित दिव्यांग प्रतिभागियों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
मेट्रो राइड के दौरान यात्रियों को स्टेशनों एवं ट्रेनों में दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा लिफ्ट, एस्केलेटर तथा ट्रेनों में ब्रेल लिपि में उपलब्ध साइनेज के बारे में विशेष रूप से अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त स्टेशनों पर रैम्प, व्हीलचेयर, टैक्टाइल पाथ, दिव्यांग शौचालय, अलग टिकट काउंटर, आरक्षित सीटें, ऑटोमैटिक वॉयस अनाउंसमेंट तथा पैसेंजर डिस्प्ले सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
ट्रेनों के भीतर व्हीलचेयर के लिए निर्धारित स्थान के समीप लॉन्ग स्टॉप ड्यूरेशन बटन की व्यवस्था भी की गई है, जिससे दिव्यांग यात्रियों को सुरक्षित प्रवेश एवं निकास हेतु पर्याप्त समय मिल सके। दिव्यांग यात्री प्रवेश द्वार के समीप लिफ्ट पर अंकित फोन नंबर के माध्यम से व्हीलचेयर एवं अन्य आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। दिव्यांग यात्रियों ने कानपुर मेट्रो का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामान्य यात्रियों के साथ-साथ दिव्यांगजनों के लिए भी कानपुर मेट्रो एक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुलभ सार्वजनिक परिवहन माध्यम है। लगभग दोपहर 2:30 बजे से आरंभ हुए ‘शो योर टैलेंट’ कार्यक्रम में नवोदित एवं नन्हे कलाकारों ने एक से बढ़कर एक संगीत प्रस्तुतियां देकर वातावरण को संगीतमय बना दिया। इस अवसर पर दृष्टिबाधित दिव्यांग प्रतिभागियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों को भी खूब सराहना मिली। बच्चों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों से स्टेशन परिसर तालियों की गूंज से भर उठा। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो द्वारा नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘शो योर टैलेंट’ नामक पहल की शुरुआत की गई है, जिसे यात्रियों द्वारा भरपूर सराहना मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद