कानपुर।
स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को कुचल दिया। हादसा हैलट अस्पताल के दूसरे गेट के सामने जीटी रोड पर हुआ, जहां ट्रक की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोल चौराहे की ओर से गुमटी की दिशा में जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ट्रक को लेकर भागने लगा और इसी दौरान दोनों बाइक सवारों को रौंदता हुआ फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कोकाकोला चौराहे के पास ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतकों की पहचान चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कंजती निवासी अरुण कुमार शर्मा उर्फ दीपू के पुत्र शिवम शर्मा (25) और घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शीतलपुर निवासी उनके सगे मामा शिवाकांत (27) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शिवम अपने मामा शिवाकांत के साथ मिलकर बेकरी का काम करता था।
शिवम के चचेरे भाई आशुतोष शर्मा ने बताया कि 31 दिसंबर की रात केक के कई ऑर्डर लगे हुए थे। इस दौरान केक पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले डिब्बे खत्म हो गए थे। इसी कारण बुधवार देर रात मामा-भांजे बाइक से जरीब चौकी चौराहे पर डिब्बे खरीदने के लिए निकले थे। अभी वे जीटी रोड पर हैलट नहरिया के दूसरे गेट के पास ही पहुंचे थे कि हादसा हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि शिवम के पास खरीदारी के लिए 15 से 20 हजार रुपये मौजूद थे, लेकिन पुलिस द्वारा उन्हें केवल 250 रुपये ही दिखाए गए हैं। इसको लेकर परिजनों ने संदेह जताया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
दो माह पहले ही शुरू किया था बेकरी का काम
परिजनों ने बताया कि शिवम ने मात्र दो महीने पहले ही अपने मामा के साथ मिलकर बेकरी का व्यवसाय शुरू किया था। काम अच्छी तरह चल रहा था और दोनों भविष्य को लेकर काफी आशान्वित थे। परिजनों का कहना है कि शिवम ने कहा था कि वह मेहनत कर अपने परिवार को मजबूत बनाएगा और अपने भाइयों को भी काम सिखाएगा, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने परिवार के सारे सपने तोड़ दिए।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार मामा-भांजे को रौंदा, दोनों की मौके पर मौत