कानपुर।
कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशों के अनुपालन में सेंट्रल जोन पुलिस ने अवैध रूप से संचालित हुक्का बारों के विरुद्ध सघन अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को कोहना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र में स्थित स्ट्रीट नाइट और ड्रामा रेस्टोरेंट पर छापेमारी की।
सेंट्रल जोन के डीसीपी एवं एसीपी के निर्देश पर कोहना थाना प्रभारी प्रतीक सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर दोनों प्रतिष्ठानों की गहन जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि इन स्थानों पर नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से हुक्का बार का संचालन किया जा रहा था, जो कानून का खुला उल्लंघन है।
पुलिस टीम ने मौके से हुक्का, पाइप, फ्लेवर सहित अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे अन्य उपकरणों को जब्त कर लिया तथा संबंधित धाराओं में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की। पुलिस की इस अचानक और बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हुक्का बार संचालकों में हड़कंप मच गया है।
थाना प्रभारी प्रतीक सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले किसी भी प्रकार के अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार यह अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा। यदि कोई भी प्रतिष्ठान नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि कानपुर कमिश्नरेट युवाओं को नशे से दूर रखने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शहर की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अवैध हुक्का बारों पर कोहना पुलिस की सख्त कार्रवाई