कानपुर।
नववर्ष के अवसर पर शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कानपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। सायं 5 बजे से ही शहरभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया, जो देर रात तक लगातार जारी रहा। प्रमुख चौराहों, कार्यक्रम स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, मंदिरों, घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस आयुक्त स्वयं सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते दिखे। गंगा बैराज सहित प्रमुख स्थानों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की गई। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष नजर रखी। रात्रि 10 बजे से सुबह 2 बजे तक शहर में विशेष सतर्कता बरती गई। इस दौरान पुलिस बल को पूर्ण रूप से अलर्ट मोड पर रखते हुए पैदल गश्त, वाहन गश्त और पिकेट ड्यूटी बढ़ा दी गई। होटल, रेस्टोरेंट, क्लब, ढाबों और न्यू ईयर सेलिब्रेशन स्थलों पर भी पुलिस की मौजूदगी लगातार बनी रही। पुलिस प्रशासन ने स्टंटबाजी, रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए। चेकिंग के दौरान कई वाहनों के चालान किए गए और नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। कानपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे नववर्ष का उत्सव शांति और सौहार्द के साथ मनाएं, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
नववर्ष पर अलर्ट मोड में कानपुर पुलिस, शहरभर में सघन चेकिंग और कड़ी निगरानी