शीतलहर और घने कोहरे का कहर, कानपुर में टूटा ठंड का रिकॉर्ड

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को बीते 24 घंटों के दौरान कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर मात्र 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इतनी कम तापमान के कारण लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी असर पड़ रहा है। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 31 दिसंबर को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कोहरे और कोल्ड डे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। देर शाम और रात के समय नए साल के जश्न पर भी कोहरे की घनी चादर छाए रहने का अनुमान जताया गया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 1 जनवरी से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने नए साल के स्वागत के साथ झमाझम बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। बारिश के चलते ठंड में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कानपुर के अलावा फुर्सतगंज, प्रयागराज, इटावा और बाराबंकी जैसे जिलों में भी न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। आने वाले 3 से 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है, हालांकि इसके बाद एक बार फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान गिरने का अनुमान है।
प्रदेश में पड़ रही इस कड़ाके की ठंड की वजह से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह और शाम के समय कोहरे का सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है, जिससे लोग अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। ठंड के चलते बाजारों में भी रौनक कम नजर आ रही है।
हालांकि मंगलवार को दिन के समय प्रदेश के कई जिलों में धूप खिलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई और ठिठुरन से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने, आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद