पेट्रोल-डीजल पंपों की सुरक्षा पर फोकस, डीलर्स एसोसिएशन ने पुलिस आयुक्त से की अहम बैठक

कानपुर। पेट्रोल पंपों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं पुलिस–व्यापार समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पेट्रोल एवं एचएसडी डीलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल से महत्वपूर्ण वार्ता की। यह शिष्टाचार भेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील सरन गर्ग, महामंत्री मोहन मिश्रा सहित पदाधिकारी पंकज कपूर, अनवर सुलेमान, सुभाषिनी खन्ना, विनोद कुमार, संजय गुप्ता एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान पेट्रोल पंपों पर घटित होने वाली आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण, कर्मचारियों की सुरक्षा तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि पेट्रोल पंप संवेदनशील प्रतिष्ठान होते हैं, जहां सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का अनुरोध किया।
वार्ता के दौरान पुलिस आयुक्त द्वारा कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी दोपहिया वाहन चालक को बिना हेलमेट पेट्रोल न दिया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन हो सके। इसके साथ ही खुले बोतल, कैन या किसी भी प्रकार के असुरक्षित पात्रों में पेट्रोल अथवा डीजल का विक्रय पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस आयुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि सभी पेट्रोल पंप प्रतिष्ठानों पर पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता के क्रियाशील सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक डीवीआर में सुरक्षित रखी जाए। किसी भी घटना की स्थिति में यह फुटेज जांच के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी।
इसके अतिरिक्त यह भी तय किया गया कि संबंधित थानों के बीट प्रभारी एवं पुलिस कर्मी 24 घंटे में न्यूनतम एक से दो बार पेट्रोल पंपों एवं उनके आसपास संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों की जांच करेंगे। इस दौरान पेट्रोल पंपों पर विशेष रूप से रखे गए निरीक्षण रजिस्टर में पुलिसकर्मी अपनी जांच एवं निरीक्षण रिपोर्ट अंकित करेंगे, जिससे नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर पेट्रोल एवं एचएसडी डीलर्स एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने पुलिस आयुक्त के निर्देशों पर पूर्ण सहमति व्यक्त की और आश्वस्त किया कि एसोसिएशन के सभी सदस्य इन दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करेंगे। साथ ही किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाएगी।
वार्ता के उपरांत पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारियों को आगामी नव वर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा आशा व्यक्त की कि पुलिस और व्यापारियों के बीच यह समन्वय भविष्य में और अधिक मजबूत होगा, जिससे शहर में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बना रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद