कानपुर।
मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी एक युवती के माता-पिता ने कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के एक युवक पर उनकी बेटी का धर्म छिपाकर विवाह करने, जबरन धर्मांतरण कराने और उसे बंधक बनाकर रखने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में युवती की मां रेखा श्रीवास ने चकेरी थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपनी आपबीती पुलिस को बताई है।
पीड़िता के पिता राजू श्रीवास के अनुसार, उनकी पुत्री संजना बीते 3 दिसंबर 2025 को लापता हो गई थी, जिस पर उन्होंने स्थानीय थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और लगातार खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान इंस्टाग्राम के माध्यम से संजना का अपने माता-पिता से संपर्क हुआ। संजना ने बताया कि सनिगवां निवासी मोहम्मद नफीस पुत्र मोहम्मद यूनुस ने कथित रूप से अपना धर्म छिपाकर उससे जबरन विवाह कर लिया है।
परिजनों का आरोप है कि 29 दिसंबर को जब वे नफीस के घर पहुंचे तो वहां मौजूद मोहम्मद यूनुस, उनकी पत्नी और नफीस की चार बहनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने यह भी कहा कि “अब तुम्हारी लड़की मुसलमान हो गई है।”
माता-पिता ने पुलिस को बताया कि नफीस ने कथित तौर पर फर्जी व कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर स्वयं को हिंदू बताते हुए नीरज नाम से उनकी पुत्री से विवाह किया। उनका यह भी आरोप है कि उनकी बेटी को कहीं कैद कर रखा गया है और उनसे मिलने नहीं दिया जा रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उनकी पुत्री के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
पीड़िता के माता-पिता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उनकी बेटी को शीघ्र ही मोहम्मद नफीस और उसके परिजनों के चंगुल से मुक्त कराया जाए तथा सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है, सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धर्म छिपाकर विवाह व जबरन धर्मांतरण का आरोप, युवती के परिजनों ने चकेरी थाने में दी तहरीर