कानपुर। बढ़ते सड़क हादसों और कोहरे के बीच सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों के बाद प्रशासन ने तुरंत एक्शन मोड दिखाया। शनिवार शाम डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में शहर में सड़क सुरक्षा पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
गंगा बैराज पर विधानसभा सचिवालय का संदिग्ध पास लगी इनोवा कार पकड़ी गई। जांच में कार चालक शराब के नशे में धुत पाया गया। ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में शराब की पुष्टि होते ही कार को नवाबगंज थाने में सीज कर दिया गया। कार पर विधायक का पास लगा था, जो पूछताछ में फर्जी निकला।
डीएम और डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार की संयुक्त चेकिंग में एक स्विफ्ट कार चालक भी शराब पीकर गाड़ी चलाते पकड़ा गया और उसके वाहन को भी सीज किया गया। गंगा बैराज, अटल घाट, जीटी रोड समेत शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर अचानक सघन चेकिंग की गई। अभियान में बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, बाइक पर तीन सवारी और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले किसी को नहीं बख्शा गया।
अभियान के दौरान कुल 90 वाहनों की चेकिंग की गई, जिनमें से 39 वाहनों के चालान किए गए और दो वाहन सीज किए गए। डीएम ने मौके पर ही चालकों को कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। इस कार्रवाई से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि प्रशासन सड़क सुरक्षा के मामले में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं करेगा।
ऑपरेशन क्लीन: अफसरों ने सड़क सुरक्षा पर चलाया सख्त अभियान, फर्जी विधायक पास वाली कार सीज