साहिबजादों की शहादत को नमन: कानपुर से शुरू हुआ वीर बाल दिवस का ‘सफर-ए-शहादत

कानपुर।
सिख पंथ के महान इतिहास और श्री गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों की अद्वितीय शहादत को समर्पित ‘सफर-ए-शहादत’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ कानपुर से हुआ। सिख वेलफेयर सोसाइटी एवं सिख व्यापारी वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो संदेश के माध्यम से छात्र-श्रृंखला का शुभारंभ कर की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साहिबजादों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि गुरु पुत्रों की शहादत आने वाली पीढ़ियों के लिए साहस, धर्म और राष्ट्रभक्ति की अमिट प्रेरणा है। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-श्रृंखला से की गई, जो वर्ष 2018 से निरंतर आयोजित की जा रही है।

सिख वेलफेयर सोसाइटी द्वारा वर्ष 2018 से 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किए जाने की मांग की जा रही थी। उसी वर्ष लगभग 50 हजार छात्र-छात्राओं ने श्रृंखला बनाकर गुरु पुत्रों को नमन किया था। कानपुर से उठी इस आवाज़ ने देशभर में व्यापक स्वरूप लिया, जिसके परिणामस्वरूप वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर पर ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किया।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 23 दिसंबर को कानपुर के 300 से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ अपराह्न 12 से 12:30 बजे तक अपने-अपने विद्यालयों के मुख्य मार्गों पर खड़े होकर चार साहिबजादों के नाम के उद्घोष लिखी तख्तियाँ हाथों में लेकर गुरु पुत्रों की शहादत को नमन करेंगे। प्रधानाचार्यों के सहयोग से इस बार इस अभियान में दो लाख से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता होने की संभावना जताई जा रही है।

यह संपूर्ण आयोजन श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष को भी समर्पित है। इसी क्रम में सिख वेलफेयर सोसाइटी द्वारा पूरे देश में एक राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई है, जो 22 दिसंबर 2025 तक संचालित की जा रही है। अब तक देशभर से लगभग 15 हजार प्रतिभागी इसमें भाग ले चुके हैं। प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं की लाइव घोषणा एवं सम्मान समारोह का आयोजन 23 दिसंबर 2025 को मोतीझील, कानपुर में आयोजित कीर्तन दरबार के दौरान किया जाएगा।

दिनांक 23 दिसंबर को मोतीझील ग्राउंड में एक वृहद कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सिख पंथ के महान कीर्तनी भाई गुरप्रीत सिंह (शिमला वाले), भाई बलबीर सिंह जी (चंडीगढ़ वाले) सहित शहर के धार्मिक जत्थे गुरबाणी गायन प्रस्तुत कर संगत को निहाल करेंगे।

मोतीझील पंडाल में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत वर्ष को समर्पित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में क्यूआर कोड के माध्यम से उनके 57 श्लोकों का हिंदी वीडियो अनुवाद उपलब्ध रहेगा। प्रदर्शनी का प्रथम संदेश प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता एवं कश्मीरी पंडित अनुपम खेर ने वीडियो संदेश के माध्यम से दिया है, जिसमें उन्होंने गुरु तेग बहादुर जी द्वारा कश्मीरी पंडितों के लिए दिए गए बलिदान को भावपूर्ण शब्दों में स्मरण किया।
‘सफर-ए-शहादत सप्ताह’ के अंतर्गत सोसाइटी द्वारा 15 दिसंबर से गुरुद्वारा लाजपत नगर में श्री सहज पाठ साहिब का आयोजन किया गया है, जिसकी समाप्ति 21 दिसंबर, रविवार को प्रातः 8 बजे होगी।
प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से अवध बिहारी मिश्रा, सरदार गुरविंदर सिंह छाबड़ा (विक्की) (प्रदेश अध्यक्ष, सिख वेलफेयर सोसाइटी), डॉ. मनप्रीत सिंह भट्टी (प्रदेश महासचिव), रिम्पी बिंद्रा, चरनजीत सिंह (नामी), हरमिंदर सिंह (पूनी), रविन्दर सिंह (सोमी), जसबीर जुनेजा, गगनदीप सिंह, चनबीर सिंह (कैप्टन), रविन्दर सिंह (सोनू), गगन सोनी एवं संदीप सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद