“कानपुर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने का महत्वपूर्ण चरण है और इसमें एक भी पात्र मतदाता का गणना प्रपत्र छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने आज सीसामऊ विधानसभा स्थित महेश चंद चौधरी भारतीय विद्यालय पोलिंग सेंटर का दौरा किया, जहाँ जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, मंडल अध्यक्ष गौरव पांडे, रोहित साहू, रमा शंकर, धीरज मोहन पांडे, सूरज मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।अध्यक्ष ने बीएलए-2 और बूथ अध्यक्षों के साथ बूथ नंबर 257 से 275 तक की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बचे हुए गणना प्रपत्रों की स्थिति का बूथवार आकलन किया और सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी दो दिनों में हर हाल में सभी पात्र मतदाताओं के प्रपत्र भरकर बीएलओ को जमा करा दिए जाएँ, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल नहीं होने दिया जाएगा और सूची की शुद्धता सुनिश्चित करना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि पोलिंग सेंटर पर अभी लगभग 20% गणना प्रपत्र शेष हैं, जिन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सही और अद्यतन तैयार हो सके।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी वर्चुअल बैठक में पदाधिकारियों को अपने-अपने बूथों पर प्रवास कर अभियान को गति देने के निर्देश दिए थे। उसी क्रम में आज का यह निरीक्षण प्रवास अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगा।