कानपुर
भारतीय जनता पार्टी कानपुर महानगर के प्रथम अध्यक्ष, संगठन के आधार स्तंभ, कर्मठ, सत्यनिष्ठ एवं तपस्वी नेता श्रद्धेय गोपाल अवस्थी को भाजपा परिवार ने शुक्रवार को नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में गहरी श्रद्धा व सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। सभा में महानगर के वरिष्ठ एवं पुराने दिग्गज नेता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने प्रिय एवं मार्गदर्शक नेता को नमित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की, जबकि संचालन संतोष शुक्ला ने किया।
सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन के साथ हुई।
“संगठन की जीवंत ऊर्जा थे गोपाल अवस्थी” – नेताओं ने किया स्मरण
वरिष्ठ नेता सत्यदेव पचौरी ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि गोपाल अवस्थी जैसे तपस्वी और सिद्धांतनिष्ठ नेताओं के कारण ही विपक्ष के कठिन समय में भी कार्यकर्ताओं का मनोबल और सम्मान सुरक्षित रहा।
उन्होंने बताया कि गोपाल अवस्थी न केवल संगठन की रीढ़ थे, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए सदैव ढाल की तरह खड़े रहते थे।
नेताओं ने स्मरण किया कि वर्ष 1983 में इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के विरोध में उनके कानपुर आगमन पर गोपाल अवस्थी ने ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन किया था। उस कठिन दौर में उन्होंने भाजपा का झंडा बुलंद रखा और संगठन को मजबूत आधार प्रदान किया।
उन्होंने कानपुर में सैकड़ों कार्यकर्ताओं का निर्माण किया, जिनमें से अनेकों आज पार्टी के स्तंभ एवं वरिष्ठ पदाधिकारी हैं।
“त्याग, अनुशासन और समर्पण—अवस्थी की सबसे बड़ी विरासत”
वक्ताओं ने कहा कि आज के कार्यकर्ताओं को गोपाल अवस्थी के अनुशासन, समर्पण और संघर्ष से प्रेरणा लेकर संगठन को आगे बढ़ाना चाहिए।
उनका निर्मल राजनीतिक आचरण और त्याग भाव भाजपा की अमूल्य पूंजी है, जिसे सदैव स्मरण रखा जाएगा।
अनेक वरिष्ठ नेताओं ने व्यक्त की श्रद्धांजलि
श्रद्धांजलि सभा को
डॉ. श्यामबाबू गुप्ता, प्रकाश शर्मा, रविन्द्र पाटनी, दिनेश राय, दीपू पांडे, हरीश मात्रेजा, सुरेश अवस्थी, शीलू पांडेय, नीरज दीक्षित, एनडीए संयोजक सुरेश गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, किशनलाल सुदर्शन, पूनम कपूर, अनुराग शर्मा
सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने संबोधित किया और अपने संस्मरण साझा किए।
परिजनों की उपस्थिति में दी अंतिम श्रद्धांजलि
श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए
वरिष्ठ भाजपाजन, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षद, पूर्व पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, बस्ती प्रमुख, शक्ति केंद्र संयोजक तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गोपाल अवस्थी के परिजन भी श्रद्धांजलि सभा में मौजूद रहे, जहां सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।