वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ग्राम जोगियापुर में मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे के आसपास एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम निवासी संतलाल यादव पुत्र स्वर्गीय रघुनाथ अपनी पत्नी राधा व आठ माह के नाती वैभव को इलाज के लिए लूना मोपेड से कछवा रोड की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान कपसेठी की तरफ़ से आ रही तेज रफ्तार कार (UP66 AK 9438) ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि लूना पर सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को तत्काल सीएचसी सेवापुरी भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने संतलाल यादव को मृत घोषित कर दिया। पत्नी राधा और नाती वैभव का उपचार जारी है।
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया
घटना की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और आरोपित चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कछवा रोड कपसेठी मार्ग पर जाम लगा दिया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना पाकर कछवा रोड चौकी प्रभारी गणेश पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। काफी समझाने-बुझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को खाली कराया गया और आवागमन बहाल हुआ।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने वाहन को तुरंत कब्जे में लिए जाने और चालक पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में शोक और आक्रोश दोनों व्याप्त हैं।
दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों ने किया जाम