गणना प्रपत्र समय से भरकर बीएलओ को जमा करें मतदाता: जिला निर्वाचन अधिकारी

4 दिसंबर अंतिम तिथि, केवल 9 दिन शेष—ड्राफ्ट रोल में नाम शामिल करने के लिए फॉर्म जमा करना अनिवार्य

कानपुर नगर।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे सघन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) समय से भरकर अपने बीएलओ को उपलब्ध करा दें। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी 10 विधानसभाओं में फॉर्म का वितरण लगभग पूर्ण हो चुका है और बीएलओ इनके तेजी से डिजिटाइजेशन में जुटे हुए हैं, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटाइजेशन और सबमिशन की अंतिम तिथि 4 दिसंबर निर्धारित है, जबकि अब केवल 9 दिन ही शेष हैं। फिलहाल कुल वितरित फॉर्मों में से एक-तिहाई से अधिक डिजिटाइज हो चुके हैं, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में मतदाताओं द्वारा भरे हुए फॉर्म जमा नहीं किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्राफ्ट रोल में नाम प्रकाशित होने के लिए गणना प्रपत्र का जमा होना अनिवार्य है।

उन्होंने यह भी बताया कि फॉर्म भरना काफी सरल है क्योंकि इसमें नाम, पता और फोटो पूर्व-निर्दिष्ट हैं। मतदाताओं को केवल आवश्यक विवरण—विशेष रूप से साल 2000 से 2003 के बीच की उपलब्ध पारिवारिक जानकारी—भरनी होती है। यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में कठिनाई हो तो वे फॉर्म पर हस्ताक्षर करके बीएलओ को सौंप सकते हैं। बीएलओ आवश्यक विवरण दर्ज करने में पूरी सहायता करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर यह कार्य कार्यालय स्तर पर भी कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अनुरोध किया कि अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें और जल्द से जल्द अपना पूर्ण भरा हुआ फॉर्म बीएलओ को जमा करें। किसी भी समस्या के समाधान के लिए मतदाता अपने बीएलओ या संबंधित तहसील से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद