मंधना चौकी क्षेत्र में चोरों का आतंक, टाइल्स व्यापारी की दुकान से लाखों की चोरी

रात्रि गश्त की खुली पोल — लगातार बढ़ती वारदातों से व्यापारी और ग्रामीणों में आक्रोश, चौकी इंचार्ज की कार्यशैली पर उठे सवाल

कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला मंधना पुलिस चौकी क्षेत्र इन दिनों चोरों के निशाने पर है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही चोरियों से न केवल व्यापारियों में बल्कि आम नागरिकों में भी भय और आक्रोश व्याप्त है।
बीती रात चोरों ने हाइवे किनारे स्थित एक टाइल्स व्यापारी की दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है।

हाइवे किनारे दुकान में सेंधमारी, लाखों का माल पार

घटना परगही के समीप हाइवे किनारे स्थित दुकान की है, जहां पीड़ित व्यापारी अजय तिवारी की टाइल्स की दुकान है।
पीड़ित ने बताया कि देर रात अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी में महत्वपूर्ण लैपटॉप, डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे, और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।

चोरों ने दुकान में रखी भगवान की अलमारी से ₹1500 और गोलक में रखी लगभग तीन से चार हजार रुपये की नकदी भी उड़ा ली।
व्यापारी के अनुसार, चोरी के कारण उन्हें लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

लगातार हो रही चोरियों से व्यापारी परेशान

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मंधना चौकी क्षेत्र में पिछले एक माह से चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
व्यापारियों ने बताया कि कई बार रात्रि में संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना पुलिस को दी गई, परंतु गश्त या जांच के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जाती है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चौकी इंचार्ज की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।
रात्रि गश्त का दावा करने वाली पुलिस मौके पर कहीं नजर नहीं आती। इससे स्पष्ट है कि गश्त कागजों पर ही सीमित रह गई है।

ग्रामीणों और व्यापारियों का फूटा गुस्सा

क्षेत्रीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने मंधना चौकी इंचार्ज की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस ने समय रहते रात्रि गश्त को सख्ती से लागू किया होता, तो इस तरह की घटनाएं नहीं होतीं।
लोगों का कहना है कि पुलिस केवल रिपोर्ट दर्ज करने तक सीमित है, जबकि चोरियों की रोकथाम पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

व्यापारियों ने उच्चाधिकारियों से की सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित व्यापारी अजय तिवारी समेत अन्य व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मंधना क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं का संज्ञान लेकर चौकी इंचार्ज की जांच की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए, और पुलिस की रात्रि गश्त को सख्ती से लागू किया जाए ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।

चौकी इंचार्ज पर उठे सवाल, पुलिस विभाग मौन

हालांकि अभी तक पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी इंचार्ज की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले इतने बुलंद हुए हैं कि वे अब मुख्य सड़कों और बाजारों को भी निशाना बनाने से नहीं डरते।
रात्रि गश्त की असफलता ने न केवल पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आम लोगों के सुरक्षा विश्वास को भी डगमगा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद