कानपुर। शहर में सोमवार सुबह गंगा बैराज पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 27 वर्षीय युवती ने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान ललिता सिंह के रूप में हुई है, जो आईआईटी कानपुर से बीटेक पास थी और हाल के दिनों में आईएएस व यूपीपीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बताया गया कि हाल ही में घोषित UPPCS परीक्षा परिणाम में असफल होने के बाद से वह अवसाद में थी।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर गई और अचानक लगा दी छलांग
जानकारी के मुताबिक, ललिता सोमवार सुबह अपनी चचेरी बहन अक्षी सिंह के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी। दोनों बस से गंगा बैराज पहुंचीं और टहलने लगीं। सीसीटीवी फुटेज में ललिता पुल की रेलिंग के पास कुछ देर तक खड़ी नजर आई, फिर अचानक नीचे नदी में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और शोर मचाते हुए पुलिस को सूचना दी।
सर्च ऑपरेशन जारी, पानी की गहराई 20 फीट से अधिक
सूचना मिलते ही रायपुरवा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान से युवती ने छलांग लगाई, वहां गंगा की गहराई करीब 20 फीट है, जिसके कारण सर्च अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
बीजनौर की रहने वाली थी ललिता, पिता तहसील में अमीन
मृतका उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के खानपुर माजरा गांव की रहने वाली थी। उसके पिता चौधरी वेद प्रकाश सिंह तहसील में संग्रह अमीन के पद पर कार्यरत हैं। ललिता ने आईआईटी कानपुर से बीटेक करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की थी और उसका सपना प्रशासनिक अधिकारी बनने का था।
परीक्षा में असफलता से टूटा हौसला
परिवार के अनुसार, हाल ही में घोषित UPPCS परीक्षा परिणाम में असफल रहने के बाद ललिता मानसिक रूप से काफी परेशान थी। परिवार वालों ने उसे हिम्मत देने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार चुप और उदास रहने लगी थी। सोमवार सुबह वह सामान्य रूप से टहलने के बहाने घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।
पुलिस ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शव की तलाश जारी है। अधिकारियों ने कहा कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।