छात्रों की रचनात्मकता और उत्साह से सजी भव्य डीजे नाइट
कानपुर, (स्वप्निल तिवारी)।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, कल्याणपुर में तीन दिवसीय पैनोरमा 2025 का समापन उत्साह, ऊर्जा और कलात्मकता से भरपूर रहा। अंतिम दिन विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रस्तुतियों के साथ छात्रों की प्रतिभा का अनूठा प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत “मूट इट आउट” (विवाद प्रस्तुति) से हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने न्यायालय की संपूर्ण प्रक्रिया को जीवंत करते हुए सटीक तर्कों से सबको प्रभावित किया। इसके बाद हैकेथॉन प्रतियोगिता का समापन हुआ, जहां टीमों ने विभिन्न कंपनियों के लिए मौलिक और पर्यावरण-संवेदनशील प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्या डॉ. रिचा प्रकाश ने बताया कि इस मंच ने छात्रों को न केवल नवाचार बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी सजग किया।
विद्यालय में आयोजित ट्रेजर हंट कार्यक्रम ने बच्चों में उत्सुकता और रोमांच का माहौल पैदा किया। वहीं कानपुर के रंग विषय पर छात्रों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों ने सबका मन मोह लिया। प्राकृतिक रंगों से बनी पेंटिंग्स में स्थानीय संस्कृति की झलक दिखी।
शाम ढलते ही विद्यालय संगीत और नृत्य के रंगों में डूब गया। स्कूल के रॉक बैंड की धुनों पर जब पूर्व छात्र संकल्प सचान ने सुरों का जादू बिखेरा तो उपस्थित दर्शक झूम उठे। इसके बाद अरमान चतुर्वेदी और आनंद गुप्ता ने अपने गीतों से माहौल को और ऊर्जावान बना दिया। तीनों कलाकारों की “प्यार हमें किस मोड़ पर ले आया” पर जुगलबंदी ने शाम को अविस्मरणीय बना दिया।
भारतीय शास्त्रीय नृत्य की छटा भी इस अवसर पर बिखरी, जब विद्यालय की पूर्व छात्राएं मंच पर उतरीं। भरतनाट्यम प्रस्तुति मिडिका सक्सेरिया और अवनी सुब्रत ने दी, जबकि कथक में शताकी सिंह और भव्या भाटिया की अभिव्यक्ति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समापन संध्या का सबसे रोमांचक आकर्षण रही डीजे नाइट, जिसमें प्रसिद्ध डीजे हर्ष भूटानी की धुनों पर छात्रों ने जोश और उमंग से नृत्य कर समापन समारोह को यादगार बना दिया।
अंत में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कृत किया गया, जिसके साथ ही पैनोरमा 2025 का समापन हर्ष और उल्लास के बीच संपन्न हुआ।