कानपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल, कल्याणपुर में तीन दिवसीय वार्षिक उत्सव “पैनोरमा 2025” का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उत्साह, उमंग और देशी रंगों से सजे इस मेगा इवेंट का विषय था “स्वर देशी के शिक्षा कला के संग”, जो “वोकल फॉर लोकल” की भावना को नई दिशा देने वाला है। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, इतिहास, कला और साहित्य के प्रति जागरूकता और गर्व की भावना विकसित करना है।
समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल सी.सी. नाग ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, टीमवर्क और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। इसके बाद गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति ने माहौल को आध्यात्मिकता से भर दिया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रिचा प्रकाश ने पैनोरमा 2025 के नवीन संस्करण का औपचारिक शुभारंभ करते हुए कहा कि यह मंच विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभाओं को सामने लाने और उनके भीतर की सृजनात्मकता को जगाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने आयोजन की पूरी कोर टीम की सराहना करते हुए कहा कि डी.पी.एस. कल्याणपुर न केवल शिक्षा में बल्कि प्रबंधन कौशल और नेतृत्व गुणों के विकास में भी अग्रणी है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बाँधा समां
एनजीओ “आशा की किरण” के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सामाजिक संदेशों से भरपूर नृत्य ने सभी को भावविभोर कर दिया। वहीं विद्यार्थियों ने “न्यायार्थ सभा” के माध्यम से तर्क-वितर्क की कला और सही निर्णय लेने की समझ का प्रदर्शन किया। अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर हुई चर्चाओं में छात्रों ने अपने गहन दृष्टिकोण से सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम का सबसे रोमांचक क्षण था फ्लैश मॉब की जोशभरी प्रस्तुति। गीत-संगीत, थिरकते कदम और लाजवाब सिंक्रोनाइजेशन ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्साह से सराबोर कर दिया।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
शाम के सत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। लगातार कई वर्षों तक श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को ब्लू टाई और ब्लू ब्लेज़र प्रदान किए गए, जबकि कक्षा 10 और 12 में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा समूहगान और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
शिक्षा, संस्कृति और अनुशासन का संगम
सुपर हाउस ग्रुप के सीएमडी मुख्तारुल अमीन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कृति और अनुशासन का विकास करते हैं। वहीं एजुकेशन ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन शाहिना अमीन की गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान के साथ पूरे विद्यालय में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।
इस अवसर पर डॉ. हरप्रीत कौर (प्रधानाचार्या, एलन हाउस पब्लिक स्कूल पनकी), नीति खन्ना (प्रधानाचार्या, डी.पी.एस. उन्नाव), डॉ. शबाना अरोड़ा (प्रधानाचार्या, एलन हाउस स्कूल खलासी लाइन), तथा मीडिया प्रभारी फरहान अहमद सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।