एसीपी स्वरूप नगर सुमित रामटेके ने सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीमों को ट्रॉफी व मेडल से किया सम्मान

— उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का बढ़ाया मनोबल, हर माह होगा सम्मान समारोह —

स्वप्निल तिवारी, संवाददाता

कानपुर।
पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के दिशा-निर्देशन एवं डीसीपी सेंट्रल जोन के आदेशों के अनुपालन में बुधवार को एसीपी स्वरूप नगर सुमित रामटेके की अध्यक्षता में जे.के. मंदिर परिसर स्थित स्वरूप नगर सर्किल में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एसीपी सुमित रामटेके ने सर्किल क्षेत्र के विभिन्न थानों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले थाना प्रभारियों व महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

एसीपी रामटेके ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को पहचान देना और उन्हें प्रेरित करना संगठन की ताकत को बढ़ाता है। पुलिस तभी प्रभावी बनती है जब जनता के बीच उसका विश्वास मजबूत हो।” उन्होंने घोषणा की कि सर्किल क्षेत्र में हर माह इसी तरह से सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक कर्मी अपने कार्य को बेहतर ढंग से अंजाम देने के लिए प्रेरित हो।

कार्यक्रम में स्वरूप नगर सर्किल के सभी थाना प्रभारियों एवं कर्मियों की मौजूदगी रही। थाना प्रभारी स्वरूप नगर सूर्यबली पांडेय, थाना प्रभारी फजलगंज सुनील कुमार सिंह, थाना प्रभारी नजीराबाद राजकेसर, थाना प्रभारी काकादेव राजेश शर्मा, उपनिरीक्षक इंदुकांत पांडेय, कवीन्द्र खटाना, महिला उपनिरीक्षक सुमन, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

सेंट्रल जोन का सर्वश्रेष्ठ थाना बना स्वरूप नगर थाना
कार्यक्रम में स्वरूप नगर थाना को सेंट्रल जोन का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया। इस थाने को रात्रि गश्त के दौरान अपराध नियंत्रण एवं आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

काकादेव थाना और शास्त्री नगर चौकी ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन
थाना प्रभारी काकादेव राजेश शर्मा को आईजीआरएस पर तत्काल कार्यवाही कर अपराध की संख्या में कमी लाने, नामजद अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। वहीं शास्त्री नगर चौकी प्रभारी अरविंद सिंह को चौकी क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण और जनसहयोग से पुलिस की छवि सुदृढ़ करने के लिए ईमानदार व कुशल अधिकारी के रूप में सम्मानित किया गया।

महिला आरक्षी आकांक्षा चौहान को मिला विशेष सम्मान
फजलगंज थाना की महिला आरक्षी आकांक्षा चौहान को आईजीआरएस पर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया। एसीपी रामटेके ने उनकी तत्परता और जनता की शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे कर्मी पुलिस विभाग की सच्ची पूंजी हैं।”

समारोह के अंत में एसीपी सुमित रामटेके ने सभी पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनकी यह प्रतिबद्धता और टीम भावना पूरे सर्किल के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य अपराध पर पूर्ण नियंत्रण, नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस-जन संवाद को और अधिक सशक्त बनाना है। इस दिशा में ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद