जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश – ग्रीन पार्क में बनेगा कंट्रोल रूम, मेडिकल कैंप व एंबुलेंस की रहेगी पूरी व्यवस्था, विभागों के बीच समन्वय हेतु बनेगा व्हाट्सएप ग्रुप
कानपुर,
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में 30 सितम्बर से ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाने वाले इंडिया-ए एवं ऑस्ट्रेलिया-ए क्रिकेट मैच की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में समन्वय बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि पूरे जनपद के लिए उत्सव का अवसर है। इसे भव्य और ऐतिहासिक बनाने में सभी विभागों को टीम भावना से कार्य करना होगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्रीन पार्क में सभी विभागों का कैंप कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत समन्वय और नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्टेडियम में मेडिकल हेल्थ कैंप की पूरी व्यवस्था की जाए तथा पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस स्टैंडबाय रहें। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी बल दिया।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन को त्योहार और खेल महोत्सव के रूप में देखा जा रहा है। इसलिए सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जाएं। विभागीय तालमेल मजबूत बनाने के लिए एक व्हाट्सएप समन्वय समूह भी बनाया जाएगा, जिसके जरिए सूचनाओं का आदान-प्रदान और प्रगति की समीक्षा समय-समय पर होती रहेगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी नगर राजेश कुमार को सभी कार्यों का सतत पर्यवेक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में यूपीसीए के पदाधिकारी, खेल विभाग के अधिकारी, नगर निगम, पुलिस विभाग, ट्रैफिक पुलिस, लोक निर्माण विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि यह अवसर कानपुर जनपद के लिए गौरव का है। यहां आने वाले दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों को उच्चस्तरीय सुविधाएं मिलें, इसके लिए सभी विभाग पूरे मनोयोग से काम करें।