कानपुर — उच्च शिक्षा विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जनपद के विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के फोन प्राथमिकता से रिसीव किए जाएँ तथा कॉल न उठाने की स्थिति में अनिवार्य रूप से कॉल बैक कर संपर्क किया जाए। मेट्रो निर्माण से उत्पन्न समस्याओं के समाधान हेतु नगर आयुक्त, केडीए उपाध्यक्ष एवं मेट्रो अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेट्रो निर्माण से प्रभावित मकानों की मरम्मत मेट्रो द्वारा कराई जाए और मरम्मत अवधि तक प्रभावित परिवारों का किराया भी मेट्रो वहन करेगा।
यातायात व्यवस्था को सुधारने हेतु प्रतिमाह जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित करने, हेलमेट पालन, ई-रिक्शा पर कार्यवाही, अतिक्रमण हटाने में वीडियोग्राफी और स्पीड लिमिट का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने ऑटोमेटिक सेंसर मशीन से चालान प्रणाली लागू करने पर जोर दिया जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
भीख माँगने की समस्या पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि “स्माइल योजना” के अंतर्गत चयनित संस्था द्वारा भिक्षुकों का पुनर्वास एवं रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा।
खाद बिक्री व्यवस्था पर समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी दुकानों पर स्टॉक एवं बिक्री सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए। उन्होंने डीएपी उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, और बताया कि जनपद में 7,236 मीट्रिक टन डीएपी का स्टॉक मौजूद है।
बैठक में चिकित्सकों को तैनाती स्थल पर निवास करने, औचक निरीक्षण, धारा 24 व 34 से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण, निर्माण कार्यों की समयसीमा में पूर्णता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने हेतु विशेष अभियान चलाने और निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सांसद रमेश अवस्थी ने नगर निगम अस्पतालों के सुचारु संचालन पर जोर दिया। विधायक कल्याणपुर के सुझाव पर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में बंद शौचालय चालू कर दिए जाएंगे और 40 पिंक टॉयलेट बाजारों में शुरू किए जाएंगे।
कानून-व्यवस्था समीक्षा में पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने बताया कि ऑपरेशन महाकाल में भूमाफिया एवं वसूलीबाजों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हुई है और 25 अभियुक्त जेल भेजे गए हैं। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 1,20,364 सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर अपराध नियंत्रण में मदद मिल रही है।
बैठक में सांसद अशोक रावत, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, सुरेन्द्र मैथानी, विधानसभा अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेश अवस्थी, पुलिस आयुक्त अखिल कुमार, जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह, केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गबरियाल, नगर आयुक्त सुधीर कुमार, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।