कानपुर।
नवीन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में करों का बोझ लगातार जनता पर बढ़ता आया है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कमी की गई है। यह निर्णय गरीब, मध्यम वर्ग और उच्च वर्ग सभी के लिए राहतभरा है और “कर से कल्याण” का मार्ग प्रशस्त करेगा।मंत्री ने बताया कि इस सुधार से गाँव, गरीब और किसान को लाभ मिलेगा, उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा और महिलाओं के सम्मान को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि मानव जीवन की मूलभूत आवश्यकताएँ—रोटी, कपड़ा और मकान—अब सस्ती होंगी। खाने-पीने की वस्तुओं, दवाइयों, शिक्षा, कपड़े, यात्रा और अन्य दैनिक उपयोग की चीज़ों पर टैक्स घटने से आमजन का जीवन स्तर बेहतर होगा।त्योहारों के अवसर पर मोदी सरकार द्वारा जनता को दिया गया यह बड़ा उपहार है। मंत्री ने बताया कि जिन वस्तुओं पर पहले 28% जीएसटी देना पड़ता था, उनमें से 90% वस्तुओं पर टैक्स घटाकर 18% कर दिया गया है। इसी प्रकार 12% वाले स्लैब में से लगभग 99% वस्तुओं पर टैक्स घटाकर 5% अथवा शून्य कर दिया गया है।विशेष रूप से दूध, दही, पनीर, मक्खन जैसे खाद्य पदार्थों और जीवन रक्षक दवाओं पर टैक्स शून्य कर दिया गया है। योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि यह कदम न केवल आम आदमी की बचत बढ़ाएगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगा। इससे स्वस्थ भारत, सशक्त भारत और समृद्ध भारत के निर्माण का मार्ग खुलेगा। वार्ता में प्रमुख रूप से सांसद रमेश अवस्थी, सांसद अशोक रावत, जिला अध्यक्ष कानपुर उत्तर अनिल दीक्षित, जिला अध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जितेंद्र विश्वकर्मा, राजू, अवधेश सोनकर और सत्यम गुप्ता उपस्थित रहे।