कानपुर। “मानवता की सेवा ही मानव का सबसे बड़ा धर्म है, रक्त के अभाव में किसी भी व्यक्ति के प्राण न जाने पाए।” आचार्य श्री महाश्रमण जी के इस संदेश को साकार करते हुए तेरापंथ युवक परिषद कानपुर इस बार भी मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव – रक्तदान अमृत महोत्सव लेकर आ रहा है। संस्था ने बताया कि वर्ष 2022 में अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद ने पूरे भारत में एक ही दिन में 1,66,000 यूनिट रक्त एकत्र कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था और कानपुर ने भी 21 स्थानों पर 902 यूनिट देकर इतिहास रचा था। इस बार 14 सितंबर, रविवार को शहर में पाँच बड़े स्थानों पर — तेरापंथ भवन फीलखाना थाना बिरहाना रोड, जैन स्थानक 110 आनंदपुरी, एमरल्ड गार्डन स्वरूप नगर, कैप्सूल रेस्टोरेंट सिविल लाइंस और गुरुनानक धर्मशाला कौशलपुरी — सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रक्तदान शिविर आयोजित होंगे। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि “रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है, रक्त की एक-एक बूंद बहुत कीमती होती है।” इस अभियान में जेसीआई ब्रह्मवर्त, जेसीआई कानपुर और गुरु नानक मोदी खाना भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। अंत में आयोजन समिति ने कानपुर की जनता से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में आगे आएं, रक्तदान करें और मानवता की इस सेवा में भागीदार बनें। प्रेस वार्ता में अध्यक्ष राहुल जैन, मंत्री कौशल सुराणा, कोषाध्यक्ष अनूप जैन, हर्ष बोथरा, प्रतियुष सुराना और आशीष जैन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कानपुर में रक्तदान अमृत महोत्सव 14 सितंबर को