कानपुर नगर,
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार सुबह 9:30 बजे नगरीय स्वास्थ्य केंद्र, अनवरगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही उजागर हुई। उपस्थिति पंजिका की जांच में एक स्थायी और सात संविदा स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अनुपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों का एक दिन का वेतन काटने और संविदा कर्मियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
अनुपस्थित पाए गए स्वास्थ्यकर्मियों में बीएचडब्ल्यू शिल्पी सक्सेना, स्टाफ नर्स अंजलि, एएनएम रेनू पांडे, मीना देवी, पुष्पा देवी, अरविंद कुमार, अभिनव तिवारी और मोहित शुक्ला शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान एमओआईसी डॉ. दीप्ति गुप्ता ने बताया कि सहायक शोध अधिकारी नम्रता वर्मा वर्तमान में सीएमओ कार्यालय से संबद्ध हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबद्धिकरण का औचित्य स्पष्ट करने को कहा।
लैब कार्यप्रणाली की समीक्षा में लैब टेक्नीशियन अनुज ने जानकारी दी कि सितंबर माह में अब तक मात्र 14 लोगों ने जांच कराई है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जांच संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध दवाओं का निरीक्षण कर मरीजों को निर्बाध दवा आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य केंद्रों का मुख्य उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।