राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्थाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
कानपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में भाजपा, सपा, आप और सीपीआई (एम) सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने चारों ओर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, कंट्रोल रूम, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों और रोशनदानों की सुरक्षा कवच सहित सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की।
उन्होंने निर्देश दिए कि बाहरी सुरक्षा की निगरानी हेतु लगाए गए सीसीटीवी कैमरे हर समय निरंतर क्रियाशील रहें। इसके साथ ही वेयरहाउस की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की, जिसमें सुरक्षा गार्ड्स की शिफ्टवार तैनाती, प्रवेश-निकास बिंदुओं की निगरानी और अन्य सुरक्षा उपाय शामिल थे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह से सुरक्षित, पारदर्शी और निष्पक्ष होगी।