रामादेवी टेंपो स्टैंड पर अवैध वसूली के विरोध में सैकड़ों चालकों ने आवाज उठाई
चकेरी। रामादेवी स्थित टेंपो स्टैंड पर अवैध वसूली के विरोध में सैकड़ों टेंपो चालकों ने बुधवार को एसीपी चकेरी पूर्वी कार्यालय कुलगांव पर प्रदर्शन किया।चालकों का आरोप है कि स्टैंड संचालक महेंद्र सिंह सेंगर और राजेश यादव प्रतिदिन 50 रुपए की अवैध वसूली कर रहे हैं। टेंपो चालक राम प्रकाश ने बताया कि वे सरसौल से रामादेवी रूट पर टेंपो चलाते हैं। सभी चालकों के पास वैध परमिट होने के बावजूद स्टैंड संचालक उनका उत्पीड़न कर रहे हैं, जिससे चालक मानसिक रूप से परेशान हैं।
चालकों अशोक, रामप्रकाश, राजेश और अमित ने बताया कि इसी रूट पर बिना परमिट के ऑटो और रिक्शा भी चलते हैं, लेकिन उनसे कोई वसूली नहीं की जाती। महंगाई के इस दौर में चालक दिनभर में केवल एक या दो चक्कर ही लगा पाते हैं। ऐसे में अवैध वसूली ने उनके परिवार के भरण-पोषण को मुश्किल में डाल दिया है।चालकों ने एसीपी से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।