”
मनीष गुप्ता
कानपुर।
रक्षाबंधन पर्व से पूर्व जिलाधिकारी शिविर कार्यालय एक भावनात्मक और आत्मीय क्षण का साक्षी बना, जब नवाबगंज स्थित पुष्पा खन्ना मेमोरियल सेंटर के विशेष बच्चे जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह को राखी बांधने पहुँचे।इन बच्चों की निश्छल मुस्कान और सरल बातचीत ने पूरे वातावरण को भाव-विभोर कर दिया। एक बच्ची द्वारा उत्साहपूर्वक सुनाई गई ‘सिंड्रेला’ की कहानी को जिलाधिकारी ने बेहद आत्मीयता से सुना। बच्चों की हँसी-ठिठोली से कार्यालय का माहौल उल्लासपूर्ण हो उठा। जिलाधिकारी ने सभी बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें मिठाई व चॉकलेट की टोकरी भेंट की। बच्चों की खुशी और मासूम ऊर्जा ने कार्यालय को एक उत्सव स्थल में बदल दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा, “इन विशेष बच्चों की मासूमियत और स्नेह हमें मानवता और करुणा का संदेश देते हैं। इनसे समाज को संवेदनशीलता और सहअस्तित्व की सीख मिलती है।”
उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और संस्था के कार्यों की सराहना की।