कानपुर।
गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला 16 बीघा में बुधवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। चाकू लगने से फैज (18) की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई सुल्तान (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बलिया के मूल निवासी थे और शुक्लागंज के 16 बीघा मोहल्ले में किराये पर रहते थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हैलट अस्पताल भिजवाया। देर रात इलाज के दौरान फैज की मौत हो गई। सुल्तान की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कमल हसन और उसके मामा के लड़के भूरे समेत चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की जांच के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
पुरानी रंजिश में चाकू से हमला, युवक की मौत, भाई घायल