मनीष गुप्ता
निराला नगर के अपार्टमेंट में देर रात दो बजे घटना, पारिवारिक कलह की आशंका
कानपुर नगर। निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में रविवार देर रात करीब दो बजे एक डॉक्टर ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर कमरे में पहुंची पत्नी ने उन्हें खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। परिजन उन्हें रेजेंसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 47 वर्षीय डॉ. संदीप सिंह के रूप में हुई है। वह सर्जन थे और कानपुर देहात में तैनात थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच की। फोरेंसिक टीम ने लाइसेंसी रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक के पिता राजबहादुर ने बताया कि रविवार देर रात उनकी बहू कंचन का फोन आया था कि संदीप ने खुद को गोली मार ली है और वह उन्हें अस्पताल लेकर जा रही हैं। राजबहादुर सेना से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनके चार पुत्र हैं, जिनमें से दो की पहले ही मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि संदीप अपनी पत्नी कंचन, एक बेटी और करीब दो माह के बेटे के साथ निराला नगर स्थित अपार्टमेंट में अलग रहते थे।
संदीप के चचेरे भाई मोहित के मुताबिक, यह उनकी दूसरी शादी थी। पहली शादी कानपुर की एमबीबीएस डॉक्टर कीर्ति सिंह से हुई थी। दोनों के बीच वर्ष 2018 में तलाक हो गया था। पहली शादी से उनका 12 वर्ष का एक पुत्र भी है। इसके बाद संदीप ने कंचन से दूसरी शादी की थी।
पिता राजबहादुर के अनुसार, संदीप और कंचन के बीच अक्सर विवाद होता था और कई बार परिवार के लोग दोनों के बीच समझौता कराते थे। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे संदीप से उनकी बातचीत हुई थी। इसके बाद देर रात उन्हें संदीप के खुद को गोली मारने की जानकारी मिली। किदवई नगर थानाध्यक्ष नीरज सिंह ने बताया कि डॉक्टर द्वारा अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारने की घटना सामने आई है। प्रथम दृष्टया पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।