चलती ट्रेन से गिरे 82 वर्षीय यात्री, RPF ने झाड़ियों से खोज निकाला

कानपुर। चलती ट्रेन से गिरकर घायल हुए 82 वर्षीय वृद्ध यात्री को RPF कानपुर सेंट्रल की टीम ने समय रहते खोजकर सुरक्षित बाहर निकाला। ऑपरेशन सेवा के तहत RPF ने घायल यात्री को रेलवे अस्पताल में उपचार दिलाने के बाद उनके परिजनों को सकुशल सौंप दिया।
10 सितंबर को हेल्पलाइन-139 के माध्यम से RPF को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 09066 छपरा-सूरत स्पेशल के S-8 कोच से कानपुर-चंदारी के बीच एक वृद्ध यात्री चलती ट्रेन से गिर गए हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक कानपुर सेंट्रल ने ASI बलबीर सिंह को हमराह स्टाफ के साथ मौके पर भेजा। RPF टीम ने चंदारी स्टेशन, संबंधित गेटमैन और आसपास के रेल क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ ट्रैक के किनारे गहन सर्च अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद मेमो शेड और NCC के बीच डाउन लाइन पर किलोमीटर संख्या 1017/14 के पास झाड़ियों में वृद्ध घायल अवस्था में मिले। उनके सिर में चोट लगी थी। टीम ने उन्हें झाड़ियों से सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल रेलवे अस्पताल, लोको, कानपुर पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
पूछताछ में घायल की पहचान लल्लन प्रसाद पुत्र स्व. रघुनाथ प्रसाद (82), निवासी मनियर, जिला बलिया के रूप में हुई। वह सेवानिवृत्त शिक्षक हैं और परिवार के साथ बलिया से उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। बाथरूम जाने के दौरान ट्रेन में अचानक झटका लगने से वह नीचे गिर गए थे। घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं हो सकी। उपचार के बाद RPF ने उन्हें पोस्ट कानपुर सेंट्रल लाकर परिजनों को सूचना दी। उनके पुत्र अरविंद कुमार के पहुंचने पर लल्लन प्रसाद को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने RPF की तत्परता और मानवीय संवेदना की सराहना करते हुए आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद