एक सप्ताह में कार्रवाई का आश्वासन, आंदोलन की चेतावनी
कानपुर। पनकी न्यू ट्रांसपोर्ट नगर के पास स्थित नगर निगम के कूड़ा स्थल से उठने वाले धुएं, बदबू और प्रदूषण की समस्या को लेकर विजय प्रताप सिंह एडवोकेट अपनी युवा टीम के साथ महापौर कार्यालय पहुंचकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
धरने की सूचना पर नगर निगम अधिकारी, पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। विजय प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कूड़े और अन्य अपशिष्ट में आग लगाए जाने से आसपास के लोग धुएं और प्रदूषण से परेशान हैं।
बाद में अधिकारियों ने ज्ञापन लेकर एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। विजय प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर कानपुर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। धरने में ललित कुशवाहा, विशाल तिवारी, विपिन पाल, दीपू तिवारी, दशरथ, अभय, सागर, संजय, शशिकांत पाल, आशीष राजपूत, प्रमोद पाल, आकाश राजपूत, शिव राजपूत, अनुराग पाल और प्रिंस सहित अन्य लोग शामिल रहे।