काशी रुद्राक्ष और नोएडा सुपर किंग्स के मुकाबले से कानपुर चरण का आगाज, 6 सितंबर को होगा फाइनल
कानपुर, 28 अगस्त। यूपी टी20 लीग सीजन-4 के दूसरे और निर्णायक चरण का आगाज आज ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम से होने जा रहा है। 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर में लीग चरण के शेष मुकाबलों के साथ प्लेऑफ और फाइनल समेत कुल 12 मैच खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह चरण खास होने वाला है, क्योंकि लीग के निर्णायक मुकाबले ग्रीन पार्क की ऐतिहासिक पिच पर खेले जाएंगे।
कानपुर चरण का पहला मुकाबला आज शाम 7:30 बजे काशी रुद्राक्ष और नोएडा सुपर किंग्स के बीच फ्लडलाइट में खेला जाएगा। दोनों टीमें जीत के साथ कानपुर चरण का आगाज करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है और ग्रीन पार्क में दर्शकों को रोमांचक टी20 क्रिकेट देखने को मिलेगा।
कानपुर चरण के शुभारंभ से एक दिन पहले 27 अगस्त को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में यूपी टी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर और सभी छह टीमों के कप्तान मौजूद रहे। डॉ. संजय कपूर ने कहा कि कानपुर में क्रिकेट को लेकर जबरदस्त जुनून है। ग्रीन पार्क जैसे ऐतिहासिक मैदान पर प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों का आयोजन खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी यादगार अनुभव साबित होगा। लीग की ओर से मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए इस बार ‘लकी सुपर 4 ऑफर’ भी घोषित किया गया है। इसके तहत छक्का कैच करने वाले दर्शक को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं और लकी ड्रॉ के माध्यम से क्रिकेट बॉल, टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, स्मार्टफोन और बाइक जैसे आकर्षक पुरस्कार जीतने का मौका भी दर्शकों को मिलेगा।
पुरस्कार योजना में शामिल होने के लिए दर्शकों को टिकट District by Zomato ऐप के माध्यम से ऑनलाइन खरीदना होगा। पुरस्कार जीतने के लिए विजेता का संबंधित टिकट के साथ स्टेडियम में मौजूद रहना भी जरूरी होगा। इससे मुकाबलों के दौरान दर्शकों का उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है। पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो मेरठ मावेरिक्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने शुरुआती सातों मुकाबले जीत लिए हैं और 7-0 के रिकॉर्ड के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। वहीं बाकी पांच टीमों के बीच प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए जबरदस्त प्रतिस्पर्धा जारी है। ऐसे में कानपुर चरण के मुकाबले अंक तालिका को पूरी तरह बदल सकते हैं। कानपुर में होने वाले मुकाबलों के साथ ही लीग अपने निर्णायक दौर में प्रवेश करेगी। हर मुकाबला टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा और प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दर्शकों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और रोमांच से भरपूर टी20 क्रिकेट देखने को मिलेगा। यूपी टी20 लीग सीजन-4 का कानपुर चरण 6 सितंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले के साथ समाप्त होगा। ग्रीन पार्क में होने वाले निर्णायक मुकाबलों को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह चरम पर है।