नशाबंदी पर सरकार को 2 अक्टूबर तक अल्टीमेटम

कानपुर। उत्तर प्रदेश को पूर्ण नशामुक्त प्रदेश बनाने की मांग को लेकर ऑपरेशन विजय बुराइयों के खिलाफ जंग ने अब निर्णायक आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवमंगल सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को 2 अक्टूबर 2026 यानी गांधी जयंती तक प्रदेश में पूर्ण नशाबंदी लागू करने के लिए विधानसभा में विशेष विधेयक लाना होगा। यदि तय समय सीमा तक सरकार की ओर से इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो ऑपरेशन विजय 20 नवंबर 2026 से राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू करेगा।
शिवमंगल सिंह ने कहा कि ऑपरेशन विजय बुराइयों के खिलाफ जंग वर्ष 2011 से देश और समाज के हित में विभिन्न सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष करता आ रहा है। संगठन ने अगस्त 2026 में नशे के बढ़ते प्रभाव और उससे समाज को हो रहे नुकसान को लेकर वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में बिहार और गुजरात में लागू नशाबंदी से प्रेरणा लेते हुए उत्तर प्रदेश को भी नशामुक्त प्रदेश बनाने के लिए व्यापक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि नशा आज केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित कर रहा है। नशे की वजह से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परिवार आर्थिक, सामाजिक तथा मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में सरकार को नशे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश में पूर्ण नशाबंदी की दिशा में प्रभावी निर्णय लेना चाहिए।
संगठन की ओर से उत्तर प्रदेश सरकार को प्रदेश में नशे से होने वाले नुकसान से संबंधित आंकड़ों सहित एक ज्ञापन भेजा जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की जाएगी कि 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश विधानसभा में विशेष विधेयक लाकर प्रदेश को पूर्ण नशाबंदी वाला राज्य घोषित किया जाए।
शिवमंगल सिंह ने कहा कि जब गुजरात और बिहार जैसे राज्यों में नशाबंदी लागू की जा सकती है तो उत्तर प्रदेश जैसे सक्षम और विशाल राज्य में इस दिशा में कदम क्यों नहीं उठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की लगभग 25 करोड़ आबादी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए सरकार को राजनीतिक लाभ-हानि से ऊपर उठकर समाजहित में निर्णय लेना चाहिए।
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन विजय की कोर कमेटी के साथ-साथ संगठन के वरिष्ठ क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने भी एक स्वर में ‘नशा मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान’ चलाने पर जोर दिया है। इसी के तहत सरकार को ज्ञापन देने, 2 अक्टूबर तक विधेयक लाने की मांग करने और मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में 20 नवंबर से आंदोलन शुरू करने की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल या सरकार के खिलाफ संघर्ष करना नहीं, बल्कि देश और समाज के हित में नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज उठाना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने की बात तभी सार्थक होगी, जब प्रदेश के युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को नशे के बढ़ते प्रभाव से सुरक्षित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन विजय उत्तर प्रदेश के लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाएगा। गांव, कस्बों और शहरों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा और सरकार से पूर्ण नशाबंदी लागू करने की मांग को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
शिवमंगल सिंह ने कहा कि संगठन ने सरकार को पर्याप्त समय देने का निर्णय लिया है। 2 अक्टूबर तक यदि उत्तर प्रदेश विधानसभा में पूर्ण नशाबंदी को लेकर विधेयक नहीं लाया जाता है तो उसी दिन संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में आगामी आंदोलन की विस्तृत रणनीति पर विचार किया जाएगा और 20 नवंबर 2026 से लखनऊ के इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि ऑपरेशन विजय बुराइयों के खिलाफ जंग की ओर से भेजे जा रहे ज्ञापन को गंभीरता से लिया जाए और उत्तर प्रदेश में पूर्ण नशाबंदी लागू करने के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यदि 2 अक्टूबर तक सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो संगठन प्रदेशवासियों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
शिवम कुमार, मीडिया प्रभारी ने बताया कि संगठन के पदाधिकारी अभियान को लेकर लगातार जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे तथा उत्तर प्रदेश को नशामुक्त बनाने की मांग को मजबूती से सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद