बर्रा-5 से कर्रही मार्ग पर जनआक्रोश, सड़क पर रोपे धान

कानपुर। बर्रा-5 से कर्रही मार्ग की बदहाल स्थिति और भीषण जलभराव को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने तीन से चार फीट तक भरे पानी के बीच सड़क पर धान की रोपाई कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा नेता सुभाष द्विवेदी ने कहा कि बर्रा-5 से कर्रही जाने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और बारिश के बाद कई फीट तक पानी भर जाता है। इसके चलते राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग गड्ढों और जलभराव के कारण दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का टेंडर वर्ष 2024 में ही स्वीकृत हो चुका है, इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग रोजाना करीब डेढ़ लाख लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
सपा नेता ने कहा कि सड़क की हालत प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को उजागर करती है। यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इस उपेक्षा का जवाब देगी।
प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और पीडब्ल्यूडी से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने तथा सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद