कानपुर। कानपुर कैटरर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक चुनाव रविवार को सिविल लाइंस स्थित गोल्डेन पेटल्स में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव में कुल 172 मतदाताओं में से 152 सदस्यों ने मतदान किया, जो करीब 86 प्रतिशत रहा।चुनाव में अध्यक्ष पद पर देवेंद्र कुमार गुप्ता (टुनटुन) और कोषाध्यक्ष पद पर शिवनाथ कश्यप निर्विरोध निर्वाचित हुए। महामंत्री पद के लिए हुए मुकाबले में अभिषेक तिवारी ने 86 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि आशीष तिवारी को 62 और पवन कुमार साहू को दो मत मिले। परिणाम घोषित होने के बाद सभी प्रत्याशियों ने एक-दूसरे को माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और संरक्षक मंडल ने आगामी कार्यकाल के लिए 12 प्रमुख योजनाओं की घोषणा करते हुए कैटरर्स के लिए न्यूनतम रेट चार्ट, हेल्पलाइन, सामूहिक खरीद व्यवस्था, फूड सेफ्टी व डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण तथा समूह बीमा योजना शुरू करने का संकल्प लिया। संरक्षक सुरेश गुप्ता ने कहा कि संगठन का उद्देश्य कैटरिंग व्यवसाय को संगठित और मजबूत बनाने के साथ ग्राहकों का विश्वास बढ़ाना तथा सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। उन्होंने बताया कि ग्राहकों के लिए सत्यापित कैटरर्स की सूची, शिकायत निवारण प्रकोष्ठ और फूड टेस्टिंग अभियान चलाए जाएंगे। वहीं समाज सेवा के तहत अन्नदान बैंक, आपदा के समय निःशुल्क भोजन सेवा और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में निःशुल्क कैटरिंग सहयोग जैसी योजनाएं भी शुरू की जाएंगी। इस अवसर पर संरक्षक अमरनाथ शुक्ला, श्याम सोनकर, गोपाल तिवारी, रॉबिंस वर्मा, बउआ महाराज, प्रेम बाली, कमलेश जी, पाल ढोकला, सदन झा, नारायण जी समेत बड़ी संख्या में एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे।
86% मतदान के साथ कैटरर्स एसोसिएशन चुनाव संपन्न