डॉ. वी.के. मिश्रा व पूर्व विधायक उपेंद्र नाथ पासवान ने किया उद्घाटन, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम 24 घंटे रहेगी उपलब्ध
कानपुर। नौबस्ता मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। अस्पताल का उद्घाटन द गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. वी.के. मिश्रा और घाटमपुर के पूर्व विधायक उपेंद्र नाथ पासवान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में शहर के चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
इस अवसर पर अस्पताल के संचालक डॉ. आशीष वर्मा ने बताया कि आयुष्मान हॉस्पिटल का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अनुभवी चिकित्सकों की टीम मरीजों को चौबीसों घंटे चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगी। अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी, भर्ती, पैथोलॉजी, डिजिटल जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य अतिथि डॉ. वी.के. मिश्रा ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता हैं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह संस्थान नौबस्ता और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए भरोसेमंद चिकित्सा केंद्र बनेगा। वहीं पूर्व विधायक उपेंद्र नाथ पासवान ने कहा कि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल शुरू होने से मरीजों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और समय पर बेहतर चिकित्सा मिल सकेगी। उद्घाटन समारोह में डॉ. शैलेश पटेल, डॉ. सौम्या अग्निहोत्री, डॉ. इंदु त्रिपाठी, डॉ. संजय प्रताप सिंह सहित अस्पताल की पूरी चिकित्सक टीम मौजूद रही। अतिथियों ने अस्पताल का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में आए हुए अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।