जेके कैंसर हॉस्पिटल के आधुनिकीकरण को विधायक मैथानी की पहल

लखनऊ/कानपुर। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कैंसर रोगियों को बेहतर और विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए लखनऊ स्थित उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बृजेश पाठक के कैंप कार्यालय में जेके कैंसर हॉस्पिटल, कानपुर के आधुनिकीकरण के लिए मांग-पत्र सौंपा। उन्होंने अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना के लिए ₹50 करोड़ की स्वीकृति देने का अनुरोध किया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि उन्होंने इस विषय को पहले भी विधानसभा में उठाया था और लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप उपमुख्यमंत्री ने अस्पताल के विकास कार्यों के लिए ₹1 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई थी। इसके लिए उन्होंने उपमुख्यमंत्री को पटका पहनाकर उनका स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। साथ ही अस्पताल के व्यापक आधुनिकीकरण के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता की मांग भी रखी।
मांग-पत्र में कहा गया कि जेके कैंसर हॉस्पिटल केवल कानपुर नगर ही नहीं, बल्कि पूरे कानपुर मंडल और आसपास के 16 से 17 जनपदों के लाखों कैंसर मरीजों के उपचार का प्रमुख केंद्र है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता होने के बावजूद आधुनिक उपकरणों की कमी के कारण मरीजों को उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है या फिर दिल्ली, मुंबई जैसे महानगरों का रुख करना पड़ता है।
विधायक ने अस्पताल में हाई-एंड लिनियर एक्सेलेरेटर, ट्रीटमेंट प्लानिंग सिस्टम, रिकॉर्ड एवं वेरिफिकेशन सिस्टम, डोसिमेट्री उपकरण, क्वालिटी एश्योरेंस सिस्टम, इमॉबिलाइजेशन डिवाइस समेत अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए ₹50 करोड़ की शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विधायक की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि कैंसर रोगियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विधायक मैथानी ने विश्वास जताया कि प्रस्ताव स्वीकृत होने पर जेके कैंसर हॉस्पिटल प्रदेश के प्रमुख कैंसर उपचार केंद्रों में शामिल होगा और हजारों मरीजों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद