मौत से अनजान मासूम पूछती रही—’भैया-दीदी को बुला दो’, सुनकर हर आंख हुई नम

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में रूमा के पास नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हरियाणा के सिरसा से बिहार जा रही स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में हरियाणा के सिरसा निवासी 45 वर्षीय चालक बजरंग, बिहार के गया निवासी 11 वर्षीय दिलकुश और उसकी 15 वर्षीय बहन नेहा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में नौ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बिहार के गया निवासी मजदूर नरेश मंडल और उनकी पत्नी सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का हैलट अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। उनके परिवार की सात वर्षीय बेटी स्नेहा भी घायल हुई है। सोमवार दोपहर जब उसे होश आया तो उसकी मासूम बातें सुनकर अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। रेड जोन में भर्ती स्नेहा ने आंख खुलते ही सबसे पहले अपने माता-पिता और भाई-बहन को तलाशना शुरू किया। ड्यूटी पर मौजूद महिला कांस्टेबल लक्ष्मी से उसने बार-बार कहा मम्मी-पापा के पास जाना है भैया और दीदी को बुला दो। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाकर शांत करने की कोशिश की, लेकिन किसी के पास उसके सवालों का जवाब नहीं था। स्नेहा को अभी तक यह नहीं बताया गया है कि उसके भाई दिलकुश और बहन नेहा की हादसे में मौत हो चुकी है। डॉक्टरों के मुताबिक नरेश मंडल की हालत अब खतरे से बाहर है, लेकिन वह भी बार-बार अपने बच्चों के बारे में पूछ रहे हैं। उन्हें भी फिलहाल बच्चों की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।इसी हादसे में झारखंड के चतरा निवासी वकील यादव का परिवार भी गंभीर रूप से घायल हुआ। गृह प्रवेश समारोह से लौट रहे वकील यादव का बायां हाथ टूट गया, जबकि उनकी दोनों बेटियां रिया और अनीशा तथा साली कविता कुमारी गंभीर रूप से घायल हैं। खुद घायल होने के बावजूद वह अस्पताल में बेटियों के सिरहाने डटे रहे। दर्द से कराह रही बेटी को वह एक हाथ से सहलाकर हिम्मत बंधाते रहे। हादसे में घायल बिहार के गया निवासी केसर भारती ने बताया कि स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से दौड़ रही थी। सुबह करीब छह बजे गाड़ी एक बार लहराई, जिससे कई यात्रियों की नींद खुल गई। कुछ ही पल बाद तेज धमाके के साथ स्कॉर्पियो हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में चालक बजरंग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देश पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह हैलट अस्पताल पहुंचे, घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, महाराजपुर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद