दुकान में लोहे के स्टैंड में उतरा था करंट, ग्राहक को कोल्ड ड्रिंक देते समय हुआ हादसा
कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र के रुद्रपुर दहे गांव में शनिवार रात करंट लगने से एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह घर में संचालित किराना दुकान पर ग्राहक को कोल्ड ड्रिंक देने के लिए फ्रिज खोलने गया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजू सफाईकर्मी हैं और घर पर ही किराना दुकान चलाते हैं। शनिवार रात उनका बड़ा बेटा प्रलय दुकान संभाल रहा था। इसी दौरान एक ग्राहक ने कोल्ड ड्रिंक मांगी। प्रलय जैसे ही फ्रिज से बोतल निकालने पहुंचा, दुकान में रखे लोहे के स्टैंड में उतर रहे करंट की चपेट में आ गया। तेज करंट लगते ही वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह उसे करंट से अलग कर तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर शिवराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में बिजली का करंट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।