कानपुर रेलबाजार थाना क्षेत्र स्थित कुम्हार मंडी में एक निजी कंपनी में कार्यरत युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रिंस शुक्ला के रूप में हुई है, जो कुम्हार मंडी के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले पिता मनोज शुक्ला के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी प्रिंस के कंधों पर आ गई थी। वह नौकरी कर अपनी मां शन्नो शुक्ला और बहन श्वेता शुक्ला का भरण-पोषण कर रहे थे।
शनिवार को अवकाश होने के कारण प्रिंस घर पर थे। शाम के समय उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर बहन ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर वह फंदे से लटके दिखाई दिए। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची रेलबाजार पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रेलबाजार थाना क्षेत्र में निजी कंपनी के कर्मचारी ने फांसी लगाकर दी जान