शादी से इंकार पर महिला मित्र पर जानलेवा हमला

रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के बेटे ने कार से खींचकर ईंट से किए ताबड़तोड़ वार, राहगीरों ने बचाई जान

कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शादी से इंकार करने पर एक युवक ने अपनी महिला मित्र पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी, जो एक सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी का बेटा बताया जा रहा है, ने पहले कार के अंदर महिला से विवाद किया और फिर मंधाना के पास कार रोककर उस पर हमला बोल दिया।
पुलिस के अनुसार, देवाशीष निगम अपनी महिला मित्र के साथ कार से बिठूर घाट की ओर जा रहा था। रास्ते में दोनों के बीच शादी को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई। गुस्से में आरोपी ने मंधाना के पास कार रोक दी। युवक का आक्रामक रवैया देखकर महिला ने अपनी सुरक्षा के लिए कार के दरवाजे और शीशे अंदर से लॉक कर लिए।
इससे बौखलाए आरोपी ने सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर कार के शीशे पर ताबड़तोड़ वार किए। शीशा टूटने के बाद उसने महिला को जबरन कार से बाहर खींच लिया और उसके सिर व शरीर पर कई बार ईंट से हमला किया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिठूर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घायल महिला को तत्काल मंधाना स्थित रामा मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी देवाशीष निगम के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शादी को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायल महिला के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद