मृतका शिवानी मामले में स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, नवल चिकित्सा केंद्र सील

फतेहपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, मृतका शिवानी प्रकरण में अवैध रूप से संचालित नवल चिकित्सा केंद्र और मेडिकल स्टोर सील

फतेहपुर। मृतका शिवानी पत्नी सुनील (उम्र 19 वर्ष) के मामले में शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित नवल चिकित्सा केंद्र एवं मिश्रा मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी फतेहपुर डॉ. यू.वी. सिंह के निर्देश पर गठित टीम ने मंगलवार को सौरा, मलवां स्थित उक्त चिकित्सा केंद्र और मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. इस्तियाक अहमद, डॉ. प्रभाकांत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। टीम करीब शाम 4:20 बजे मौके पर पहुंची और चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि नवल चिकित्सा केंद्र बिना पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। आवश्यक अभिलेख और वैध पंजीकरण प्रस्तुत न किए जाने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्र को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया। साथ ही मौके पर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की भी मौके पर भीड़ जमा हो गई। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की गई थी, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. यू.वी. सिंह ने बताया कि जिले में बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और मेडिकल प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद