खाड़ेपुर में दानपात्र और सामान लेकर फरार हुआ चोर, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
कानपुर। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के खाड़ेपुर इलाके में देर रात एक मंदिर में चोरी की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शातिर चोर मंदिर में रखा सामान और दानपात्र चोरी कर फरार हो गया। घटना की पूरी वारदात मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, चोर ने देर रात सूनेपन का फायदा उठाकर मंदिर परिसर में प्रवेश किया और वहां रखा दानपात्र व अन्य सामान समेटकर फरार हो गया। सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो चोरी की जानकारी होने पर लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलने पर हनुमंत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है। फुटेज में चोर संदिग्ध अवस्था में मंदिर से निकलता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। वहीं पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।