कानपुर। पुलिस विभाग में उस समय हलचल मच गई जब साइबर थाने में तैनात इंस्पेक्टर विजय शर्मा ने अपने से जूनियर अधिकारी के अधीन काम कराने पर नाराजगी जताते हुए इस्तीफे की पेशकश कर दी। मामला चर्चा में आने के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका तबादला क्राइम ब्रांच में कर दिया।
जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर विजय शर्मा ने डीसीपी क्राइम श्रवण कुमार सिंह को पत्र लिखकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में लगातार उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है और सेवा नियमों की अनदेखी करते हुए उन्हें कनिष्ठ अधिकारी के अधीन कार्य कराया जा रहा है।
पत्र में विजय शर्मा ने दावा किया कि वर्ष 2023 से उनकी लगातार उपेक्षा की जा रही है और करीब दो वर्षों तक उन्हें पुलिस लाइन में रखा गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोर्ट के आदेशों और डीजी सर्कुलर के बावजूद उनकी तैनाती को लेकर नियमों का पालन नहीं किया गया।
इंस्पेक्टर ने कहा कि लाइन से हटाने के बाद उन्हें पहले क्राइम ब्रांच और फिर साइबर सेल भेजा गया, जहां उन्हें अपने से जूनियर अधिकारी के निर्देशों का पालन करना पड़ रहा था। उन्होंने इसे वरिष्ठता और सेवा नियमों के विपरीत बताया।
सूत्रों के मुताबिक साइबर सेल में तैनात एक अन्य इंस्पेक्टर ने भी इसी तरह की विसंगतियों को लेकर शिकायत दर्ज कराई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त (हेडक्वार्टर एंड क्राइम) संकल्प शर्मा ने बताया कि इंस्पेक्टर की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए उनका ट्रांसफर एडीसीपी क्राइम ब्रांच कार्यालय में कर दिया गया है। साथ ही उनके पत्र की जांच कर बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में तैनाती व्यवस्था और वरिष्ठता नियमों के पालन को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।
जूनियर के अधीन तैनाती से नाराज इंस्पेक्टर विजय शर्मा का तबादला, विभाग में मचा हड़कंप