कानपुर। मानसून की दस्तक से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम मुख्यालय स्थित समिति कक्ष में महापौर प्रमिला पांडे और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के सभी जोनों में चल रहे नाला और नाली सफाई कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
महापौर प्रमिला पांडे ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जहां भी नालों और नालियों की सफाई कराई जाए, वहां से चार से पांच दिनों के भीतर सिल्ट और कूड़ा अनिवार्य रूप से उठा लिया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क और घरों के बाहर लंबे समय तक सिल्ट पड़े रहने से आम जनता, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। बरसात होने पर यही सिल्ट दोबारा नालों में बहकर चली जाती है, जिससे सफाई अभियान का पूरा उद्देश्य और बजट दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए सिल्ट उठान की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से बेहतर बनाया जाए।
बैठक में आगामी मोहर्रम जुलूस और भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को देखते हुए संबंधित मार्गों की सफाई और मरम्मत कार्य समय से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी प्रमुख मार्ग पूरी तरह दुरुस्त रहें।
अभियंत्रण विभाग की समीक्षा के दौरान जोनवार रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि शहर के शेष बचे 153 बड़े नालों के टेंडर पहले ही हो चुके हैं और युद्धस्तर पर सफाई कार्य जारी है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर सभी बड़े नालों की सफाई का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं नगर स्वास्थ्य अधिकारियों ने 1 मीटर से कम चौड़े नालों की सफाई की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि अवशेष नालों की सफाई अगले 15 दिनों के भीतर पूरी कर ली जाएगी। महापौर ने इस दौरान शहर में नगर निगम की जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को अभियान चलाकर अवैध कब्जे हटाने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि खाली कराई गई नगर निगम की जमीनों पर गरीबों के लिए हाट-बाजार विकसित किए जाएं, ताकि छोटे दुकानदारों और जरूरतमंद लोगों को रोजगार के लिए सुरक्षित स्थान मिल सके। इससे नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
बैठक में नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार, मुख्य अभियंता सैयद फरीद अख्तर जैदी, विभिन्न जोनों के अधिशाषी अभियंता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जलकल विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मानसून से पहले नाला सफाई पर नगर निगम सख्त